“बंद दरवाज़े के बाहर टूटा एक रिश्ता: पत्नी से मिलने आया युवक, ससुराल की चौखट पर जहर खाकर दे दी जान”
कानपुर में पत्नी से मिलने पहुंचे युवक ने दरवाजा न खुलने पर ससुराल की चौखट पर जहर खा लिया। अस्पताल में मौत, पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज।
Kanpur Suicide Case: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने रिश्तों की नाज़ुकता और टूटते भरोसे की दर्दनाक तस्वीर पेश कर दी है। यहां पत्नी से मिलने पहुंचे एक युवक ने ससुराल के बाहर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वजह सिर्फ इतनी थी कि पत्नी ने उससे मिलने से इनकार कर दिया और दरवाजा तक नहीं खोला। यह मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र का है, जहां युवक की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
प्रेम विवाह से शुरू हुई कहानी, रिश्तों में बढ़ती दूरी
हनुमंत विहार के आनंद विहार निवासी जय कुमार केवट पेशे से राजमिस्त्री हैं। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटियां और 25 वर्षीय इकलौता बेटा विक्रम था। विक्रम ऑटो चलाकर परिवार का सहारा बन रहा था।परिजनों के मुताबिक, विक्रम का करीब आठ साल से रामादेवी देहली पुलिया क्षेत्र में रहने वाली रिया से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

करीब ढाई साल पहले दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना प्रेम विवाह कर लिया। शुरुआत में परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार किया और बहू को घर ले आए। हालांकि, शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच मतभेद शुरू हो गए। करीब डेढ़ महीने साथ रहने के बाद रिया विक्रम को लेकर किराये के मकान में रहने लगी। वहां भी रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल सका और करीब 20 दिन बाद रिया मायके चली गई।
पत्नी को मनाने पहुंचा पति, बंद मिला दरवाजा
बुधवार को विक्रम ने अपने घरवालों से कहा कि वह पत्नी को मनाने ससुराल जा रहा है। वह ऑटो लेकर ससुराल पहुंचा और पत्नी से मिलने की कोशिश की। लेकिन पत्नी ने न सिर्फ मिलने से इनकार कर दिया बल्कि दरवाजा भी नहीं खोला। बताया जा रहा है कि विक्रम ने कई बार कॉल किया, मैसेज भेजे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। लगातार उपेक्षा और मानसिक तनाव में आकर उसने ससुराल के बाहर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह खुद ऑटो चलाकर घर लौट आया। रास्ते में उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
WhatsApp चैट ने खोले तनाव के राज, पत्नी पर केस दर्ज
विक्रम और उसकी पत्नी के बीच तनाव का अंदाजा व्हाट्सएप चैट से भी लगाया जा सकता है। पुलिस को विक्रम के फोन से कई मैसेज मिले हैं, जिनमें वह पत्नी से अपनी मानसिक स्थिति बयां कर रहा था। एक मैसेज में उसने लिखा था- “नरक जिंदगी कर दी मेरी, ना सुकून से सो पाता हूं, ना जी पाता हूं। दम घुटता है मेरा, अब सुकून तो मौत के बाद ही मिलेगा।”
इसे भी पढें: “इंडिगो फ्लाइट में टेकऑफ से पहले बवाल: पायलट ने उड़ान से किया इनकार, गेट पर लात मारते दिखे पैसेंजर्स | Video Viral”
इसके अलावा कई मैसेज में उसने पत्नी पर धोखा देने के आरोप लगाए और गाली-गलौज भी की थी। विक्रम की मौत के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर ससुराल पहुंचे। चकेरी थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।



