“इंडिगो फ्लाइट में टेकऑफ से पहले बवाल: पायलट ने उड़ान से किया इनकार, गेट पर लात मारते दिखे पैसेंजर्स | Video Viral”
मुंबई से थाईलैंड के क्राबी जा रही इंडिगो फ्लाइट में ड्यूटी टाइम खत्म होने पर पायलट के उड़ान से इनकार करने से हंगामा मच गया। यात्रियों ने गेट पर लात मारी, वीडियो वायरल।
IndiGo Flight Passenger Chaos Video: मुंबई (Mumbai) से थाईलैंड (Thailand) के खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन क्राबी जा रही इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ान 6E 1085 उस वक्त विवादों में आ गई, जब टेकऑफ से ठीक पहले यात्रियों और चालक दल के बीच जमकर हंगामा हुआ। घंटों की देरी से परेशान यात्रियों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब पायलट ने ड्यूटी टाइम लिमिट (FDTL) पूरी होने का हवाला देते हुए उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री को विमान के एग्ज़िट गेट पर लात मारते और पायलट के खिलाफ अपशब्द कहते हुए देखा जा सकता है।
घंटों की देरी ने बढ़ाया यात्रियों का गुस्सा
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट सुबह 4:05 बजे मुंबई से रवाना होने वाली थी। लेकिन तकनीकी और परिचालन कारणों से उड़ान में तीन घंटे से ज्यादा की देरी हो गई। यात्रियों को उम्मीद थी कि जल्द ही फ्लाइट टेकऑफ करेगी, लेकिन तभी पायलट ने घोषणा की कि उनका ड्यूटी समय समाप्त हो चुका है और वे अब विमान नहीं उड़ा सकते। यह सुनते ही यात्रियों में आक्रोश फैल गया और बहस शुरू हो गई।

“हमारे प्लान का क्या होगा?” – यात्रियों का फूटा गुस्सा
घटना के दौरान कुछ यात्रियों ने चालक दल को घेर लिया और तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक यात्री चिल्लाते हुए कहता है, “चूहे की तरह क्यों छिप रहे हो? हमारे जो प्लान हैं, उनका क्या होगा?” गुस्से में एक यात्री ने विमान के निकास द्वार पर लात भी मारी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। स्थिति को संभालने के लिए केबिन क्रू को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इंडिगो (Indigo) का बयान और कार्रवाई
घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, उड़ान में देरी कई कारणों से हुई, जिनमें शामिल थे:
- पहले आने वाली फ्लाइट का देर से पहुंचना
- एयर ट्रैफिक की भीड़
- चालक दल का ड्यूटी टाइम लिमिट पार होना
इंडिगो ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी टाइम लिमिट का पालन करना अंतरराष्ट्रीय एविएशन नियमों के तहत अनिवार्य है। एयरलाइन के मुताबिक, दो यात्रियों ने प्रतीक्षा के दौरान अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद उन्हें अनुशासनहीन घोषित कर फ्लाइट से उतार दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स इस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग यात्रियों के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं, तो कुछ एयरलाइंस की देरी और कम्युनिकेशन पर सवाल उठा रहे हैं।
इसे भी पढें: “मां की चिता तक अकेला चला 8 साल का बच्चा: एटा की ये कहानी पढ़कर आपकी आंखें भर आएंगी”
देरी के बावजूद क्राबी (Krabi) पहुंची फ्लाइट
हालांकि तमाम हंगामे के बाद फ्लाइट ने उड़ान भरी और यह विमान, जो सुबह 10 बजे क्राबी पहुंचने वाला था, दोपहर करीब 1 बजे वहां लैंड हुआ।



