यूपी में दिनदहाड़े खून की होली: जान बचाकर घर में घुसे युवक को दरवाजे पर चढ़कर मारी गोली, गोरखपुर में सनसनी

गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में सहन की जमीन के विवाद में युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जान बचाने के लिए घर में घुसे युवक को दरवाजे पर चढ़कर गोली मारी गई। पुलिस जांच में जुटी।

Gorakhpur Shooting: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गोरखपुर (Gorakhpur) जिले से सामने आया है, जहां रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। झंगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में सहन की जमीन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे पट्टीदारी विवाद ने खूनी रूप ले लिया और 38 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पंकज निषाद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान जब हमलावरों ने फायरिंग शुरू की तो पंकज अपनी जान बचाने के लिए घर के भीतर भागा। लेकिन आरोपियों ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए दरवाजे पर चढ़कर उसे निशाना बना लिया। गोली सीधे पंकज के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर में घुसकर की गई बेरहमी से हत्या

गोली लगते ही पंकज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन दोपहर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Gorakhpur Shooting
Gorakhpur Shooting

पुराना पट्टीदारी विवाद बना मौत की वजह

ग्रामीणों के अनुसार, विवाद घर के सामने स्थित सहन की जमीन को लेकर था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। करीब छह महीने पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद धमकियां और रंजिश खत्म नहीं हुई। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते रामजतन निषाद पक्ष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से दो राउंड फायरिंग की। इतना ही नहीं, इससे पहले भी इसी विवाद में पंकज के छोटे भाई पर कुदाल से हमला किया जा चुका था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बावजूद विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस अलर्ट

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष परिवार सहित गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह समेत गोबडौर, बोहबार और नई बाजार चौकी की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इसे भी पढें: Punjab Train Blast: आधी रात दहला पंजाब, RDX से मालगाड़ी उड़ाने की साजिश, रेलवे ट्रैक के उड़े चिथड़े

पुलिस का दावा – जल्द होगी गिरफ्तारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और वे जल्द ही कानून की गिरफ्त में होंगे। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े घर में घुसकर की गई हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

Back to top button