“शादी से इनकार की कीमत मौत: आगरा में HR युवती की नृशंस हत्या, मैनेजर ने काटा सिर – CCTV से 12 घंटे में खुलासा”
आगरा में HR युवती मिंकी शर्मा की बेरहमी से हत्या, शादी से इनकार पर मैनेजर ने चाकू से गर्दन काटी। CCTV से 12 घंटे में खुलासा।
Agra Crime: आगरा में सामने आया एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड पूरे शहर को झकझोर कर रख देने वाला है। शादी से इनकार करने पर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने पहले चाकू से हमला किया, फिर शव का सिर धड़ से अलग कर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने महज 12 घंटे में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला आगरा के जवाहरपुल क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार रात एक बोरे में बंद युवती का धड़ बरामद हुआ। शव निर्वस्त्र था और सिर गायब था। शुरुआत में पुलिस ने सनसनी फैलने से बचने के लिए सिर कटे होने की जानकारी सार्वजनिक नहीं की। जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक व्यक्ति बोरे को घसीटते हुए साफ दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ी तो मृतका की पहचान 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई, जो संजय प्लेस स्थित दिविशा टेक्नोलॉजी में HR के पद पर कार्यरत थी। वह 23 जनवरी को घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
प्रेम, शक और गुस्सा: मैनेजर ने ऑफिस में की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनय राजपूत, जो उसी ऑफिस में मैनेजर था, का मिंकी शर्मा से प्रेम संबंध था। वह मिंकी से शादी करना चाहता था, लेकिन मिंकी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन विनय ने मिंकी को ऑफिस बुलाया। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर विनय ने चाकू से मिंकी की गर्दन पर वार कर दिया। नस कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। घबराए विनय ने हत्या के बाद कई घंटे शव के साथ बिताए और फिर Crime Patrol जैसे टीवी शोज़ से सीखे तरीकों का इस्तेमाल करते हुए शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

गोल्डन नेल पॉलिश बनी पहचान की कड़ी, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
शव की पहचान में सबसे अहम सुराग बना गोल्डन नेल पॉलिश। पुलिस ने जिले भर में दर्ज गुमशुदा युवतियों की जानकारी जुटाई और एक-एक परिवार से संपर्क किया। मिंकी शर्मा के घर से वही गोल्डन नेल पॉलिश मिलने पर शिनाख्त पुख्ता हुई। मिंकी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। मिंकी अपने भाई की शादी की तैयारियों में जुटी थी, जो 6 फरवरी को होने वाली थी। घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
इसे भी पढें: यूपी में दिनदहाड़े खून की होली: जान बचाकर घर में घुसे युवक को दरवाजे पर चढ़कर मारी गोली, गोरखपुर में सनसनी
पुलिस का खुलासा और आगे की कार्रवाई
आरोपी ने शव के धड़ को जवाहरपुल पर फेंका और सिर व मोबाइल को झरना नाले में डाल दिया। स्कूटर को शाहदरा इलाके में छोड़ दिया गया। पुलिस अब भी सिर की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में चार्जशीट की तैयारी की जा रही है।



