Punjab Train Blast: आधी रात दहला पंजाब, RDX से मालगाड़ी उड़ाने की साजिश, रेलवे ट्रैक के उड़े चिथड़े
Punjab Train Blast News: पंजाब के सरहिंद में आधी रात RDX ब्लास्ट से मालगाड़ी को निशाना बनाया गया। रेलवे ट्रैक तबाह, चालक घायल, आतंकी साजिश की आशंका। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Punjab Train Blast RDX Attack: पंजाब एक बार फिर दहशत के साए में आ गया है। फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में शुक्रवार देर रात एक बड़ा धमाका हुआ, जिसने पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह धमाका उस वक्त हुआ, जब एक मालगाड़ी नई बनी रेलवे लाइन से गुजर रही थी। शुरुआती जांच में RDX जैसे शक्तिशाली विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। धमाका इतना जबरदस्त था कि रेलवे ट्रैक के 3 से 4 फीट हिस्से के परखच्चे उड़ गए, जबकि मालगाड़ी का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में ट्रेन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई रेलवे लाइन पर साजिश, मालगाड़ी बनी निशाना
यह घटना सरहिंद के खानपुर फाटक के पास उस समय हुई, जब रात करीब 11 बजे मालगाड़ी ट्रायल पर चल रही नई रेलवे लाइन से गुजर रही थी। यह लाइन खासतौर पर माल परिवहन के लिए विकसित की गई है और राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए अहम मानी जाती है। जैसे ही इंजन फाटक के नजदीक पहुंचा, अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कोई साधारण ब्लास्ट नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, विस्फोटक पहले से रेलवे ट्रैक के नीचे लगाया गया था, ताकि ट्रेन के गुजरते ही धमाका हो।

इंजन क्षतिग्रस्त, चालक गंभीर रूप से घायल
चश्मदीदों के अनुसार, धमाके के बाद मालगाड़ी का अगला हिस्सा हवा में उछल गया और ट्रेन पटरी से उतर गई। आसपास की जमीन पर मलबा बिखर गया और तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।इस हादसे में ट्रेन चालक को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज से उसकी जान बचा ली। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगर यह पैसेंजर ट्रेन होती, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।
आतंकी साजिश की आशंका, 26 जनवरी से पहले बढ़ी चिंता
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, वहीं पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पूरे इलाके को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और विस्फोटक के सैंपल जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, RDX के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, जो आमतौर पर आतंकी गतिविधियों में प्रयोग होता है। यही वजह है कि इस घटना को सुनियोजित आतंकी हमला माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह धमाका 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) से कुछ दिन पहले हुआ है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। विभिन्न आतंकी संगठनों की भूमिका की जांच की जा रही है।
कांग्रेस का हमला: “यह सामान्य अपराध नहीं”
इस घटना को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का बयान भी सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा: “रेलवे ट्रैकों के पास RDX, सार्वजनिक स्थानों पर धमाके – यह कोई सामान्य अपराध नहीं है। यह पंजाब को अस्थिर करने और भय फैलाने के जानबूझकर किए गए प्रयास हैं। असल सवाल यह है कि अराजकता से किसे लाभ होता है, और राज्य इसे रोकने में क्यों विफल है?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
इसे भी पढें: कर्तव्य पथ पर शहादत की गूंज: 26 जनवरी की झांकी में गुरु तेग बहादुर साहिब जी और सिख बलिदान की अमर गाथा
जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
फिलहाल पंजाब पुलिस, रेलवे प्रशासन और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। रेलवे लाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यह घटना न सिर्फ रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि पंजाब की आंतरिक सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।



