Team India: भारत को 2011 का विश्व कप जिताने वाले मुख्य कोच बोले- टी20 विश्व कप जीत सकता है भारत;इसका कारण भी बताया
Team India: पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ गैरी कर्स्टन ने 2011 में भारत को विश्व कप जिताया तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि अगली ट्रॉफी जीतने के लिये भारत का इंतजार इतना लंबा हो जायेगा, लेकिन इस पूर्व कोच का मानना है कि भारतीय टीम इस इंतजार को खत्म करने में सक्षम है और शायद इसी साल टी20 विश्व कप में। भारतीय टीम के साथ 2008 से 2011 तक मुख्य कोच रहे कर्स्टन ने न्यूज एजेंसी भाषा को दिये गए अपने विशेष इंटरव्यू में कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि किसी भी विश्व कप को जीतना इतना आसान है। कतई नहीं। आस्ट्रेलिया ने जरूर दूसरी टीमों की तुलना में इसमें महारत हासिल कर ली है, लेकिन भारत भी विश्व कप में जीत के शिखर तक पहुंचने में सक्षम और समर्थ है।’’

उन्होंने आगे कहा ,‘‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं होगा अगर भारतीय टीम जल्दी ही अपनी इस कमी को पूरा करती है।’’ यह पूछ जाने पर कि क्या पिछले वर्ष अपनी सरजमीं पर फाइनल में मिली नाकामी और हार के बाद भारत वेस्टइंडीज और अमेरिका में इस वर्ष होने वाले टी20 विश्व कप में पिछले एक दशक से अधिक समय से चले आ रहे सूखे को खत्म कर सकता है , उन्होंने कहा ,‘‘निस्संदेह। भारत विश्व कप जीतने में सक्षम है क्योंकि उसके पास ऐसा करने का माद्दा रखने वाले खिलाड़ी हैं। लेकिन विश्व कप जीतने के लिये बहुत कुछ सही और बेहतर होना जरूरी है खासकर नॉकआउट मैचों में जिनमें कभी भी कुछ भी संभव है।’’
अपने कैरियर में 185 वनडे मैचों में 6798 रन बना चुके कर्स्टन का मानना है कि 50 ओवरों के क्रिकेट को जीवंत बनाये रखने के लिये प्रासंगिकता जरूरी है। उन्होंने कहा ,‘‘मुझे लगता है कि हर वनडे मैच में प्रासंगिकता होनी चाहिये। मुझे तीन या चार देशों के वनडे टूर्नामेंट पसंद हैं लेकिन कई बार द्विपक्षीय सीरीज अप्रासंगिक हो जाती हैं। मैं चाहता हूं कि हर साल वनडे में एक विश्व चैम्पियन मिले। अंक व्यवस्था या जिस तरीके से भी लेकिन प्रतिस्पर्धा जरूरी है।’’
और पढ़ें :-



