“फोटो के बहाने कमर पर हाथ, अश्लील इशारे और ट्रॉमा… हरियाणा इवेंट में मौनी रॉय के साथ क्या हुआ?”
हरियाणा के करनाल में हुए एक इवेंट के दौरान एक्ट्रेस मौनी रॉय के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। बुजुर्गों पर गलत तरीके से छूने, अश्लील इशारे और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप लगे हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Mouni Roy: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस मौनी रॉय (Mouni Roy) ने हाल ही में अपने साथ हुए एक बेहद परेशान करने वाले और शर्मनाक अनुभव को सार्वजनिक किया है। हरियाणा के करनाल में आयोजित एक इवेंट के दौरान एक्ट्रेस के साथ छेड़छाड़, अश्लील इशारे और गलत तरीके से वीडियो बनाए जाने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद मौनी ने सोशल मीडिया के जरिए अपना दर्द साझा किया और सवाल उठाया कि आखिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज कब गंभीर होगा।
“फोटो के बहाने कमर पर हाथ” – मौनी रॉय का आरोप
मौनी रॉय (Mouni Roy) ने बताया कि करनाल में हुए इस इवेंट के दौरान कुछ बुजुर्ग और परिवार के साथ आए लोग फोटो खिंचवाने के बहाने उनके बेहद करीब आ गए। एक्ट्रेस के मुताबिक, कुछ बुजुर्गों ने उनकी कमर पर हाथ रखने की कोशिश की, जो पूरी तरह असहज और गलत था। मौनी ने पोस्ट में लिखा कि जब उन्होंने विनम्रता से कहा, “सर, कृपया अपना हाथ हटाइए”, तो उन्हें उल्टा असहज महसूस कराया गया। हैरानी की बात यह थी कि जिन लोगों से ऐसी उम्मीद नहीं की जाती, वही इस तरह का व्यवहार कर रहे थे।

स्टेज पर अश्लील इशारे, भद्दी टिप्पणियां और फूल फेंकने की हरकत
एक्ट्रेस ने बताया कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जब वह स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं, तब दो बुजुर्ग अंकल सामने खड़े होकर अश्लील इशारे और भद्दी टिप्पणियां कर रहे थे। शुरुआत में मौनी ने उन्हें इशारे से समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके जवाब में उन लोगों ने मंच की ओर गुलाब के फूल फेंकने शुरू कर दिए। इस व्यवहार से परेशान होकर मौनी कुछ देर के लिए स्टेज छोड़कर जाने वाली थीं, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को संभालते हुए अपनी परफॉर्मेंस पूरी की। एक प्रोफेशनल कलाकार के तौर पर यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन अंदर से वह पूरी तरह टूट चुकी थीं।
गलत एंगल से वीडियो, गालियां और ट्रॉमा में एक्ट्रेस
मौनी रॉय ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इवेंट के दौरान कुछ बुजुर्ग नीचे से गलत एंगल में उनका वीडियो शूट कर रहे थे। स्टेज ऊंचा होने का फायदा उठाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाए जा रहे थे। जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन लोगों ने गालियां देनी शुरू कर दीं। मौनी का कहना है कि इस पूरी घटना के दौरान न तो आयोजकों ने कोई सख्त कदम उठाया और न ही किसी परिवार के सदस्य ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। इस घटना के बाद मौनी ने स्वीकार किया कि वह मानसिक रूप से ट्रॉमा में हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एक स्थापित कलाकार के साथ ऐसा हो सकता है, तो इंडस्ट्री में नई लड़कियों की स्थिति कितनी भयावह होगी।
इसे भी पढें: Aligarh Viral Video: कट्टे के खौफ में पति को चारपाई से बांधा! पत्नी की दबंगई पर मचा हड़कंप
“शर्म आनी चाहिए” – मौनी का समाज से सवाल
मौनी रॉय ने बेहद भावुक शब्दों में लिखा कि वह अपने देश, उसकी संस्कृति और परंपराओं से प्यार करती हैं, लेकिन ऐसे लोगों की वजह से शर्मिंदगी महसूस होती है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि इस तरह के दुर्व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। एक्ट्रेस ने कहा, “अगर यही लोग अपनी बेटियों या बहनों के साथ ऐसा होते देखें, तो क्या तब भी इन्हें मजाक लगेगा?”



