Aligarh Viral Video: कट्टे के खौफ में पति को चारपाई से बांधा! पत्नी की दबंगई पर मचा हड़कंप
अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक को चारपाई से बंधा दिखाया गया है। पत्नी पर कट्टा रखने और धमकी देने के आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
Aligarh Viral Video: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अलीगढ़ (Aligarh) जिले से एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो टप्पल थाना क्षेत्र के हामिदपुर गांव का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक को चारपाई से बंधा हुआ देखा जा सकता है। युवक के हाथ और पैर रस्सियों से बंधे हुए हैं और वह असहाय स्थिति में नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला तेजी से पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो में बंधे युवक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो हामिदपुर गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
मां के गंभीर आरोप: बहू के पास कट्टा, बेटे को देती थी धमकी
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब प्रदीप की मां सुमन ने टप्पल थाने में शिकायत दर्ज कराई। सुमन का आरोप है कि उनकी बहू लंबे समय से उनके बेटे के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करती आ रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बहू के पास अवैध तमंचा (कट्टा) है, जिसके दम पर वह पूरे परिवार को धमकाती थी। सुमन के मुताबिक, शादी को करीब चार साल हो चुके हैं, लेकिन बहू का व्यवहार शुरू से ही आक्रामक और हिंसक रहा है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि प्रदीप को चारपाई से बांधने के बाद वह कहां है, इसकी जानकारी सिर्फ उसकी पत्नी को ही है। इस बात ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
पत्नी का पलटवार: शराब के नशे में झगड़ा करता था पति
मामले में पत्नी ने भी अपने बचाव में बयान दिया है। उसका कहना है कि प्रदीप अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर आता था और पड़ोसियों से झगड़ा करता था। कई बार हालात इतने बिगड़ जाते थे कि गांव में विवाद की स्थिति बन जाती थी। पत्नी के अनुसार, इसी कारण उसने पति को काबू में रखने के लिए चारपाई से बांधा था, ताकि वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। पत्नी ने अवैध तमंचा रखने के आरोपों को लेकर भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा है।
इसे भी पढें: कैमरे के पीछे ऐसे हैं कपिल शर्मा! ‘किस किसको प्यार करूं 2’ की एक्ट्रेस ने खोले चौंकाने वाले राज
पुलिस का बयान और जांच की स्थिति
मामले पर जानकारी देते हुए DSP वरुण कुमार सिंह ने बताया कि टप्पल थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति को चारपाई से बंधा दिखाया गया है। प्रारंभिक जांच में बंधे व्यक्ति की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है। यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रदीप की पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। DSP के अनुसार, वीडियो की सत्यता, अवैध हथियार के आरोप और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



