Border 2 से पहले बजेगा ‘धुरंधर 2’ का बिगुल! थिएटर में दिखेगा टीजर, जानिए पूरी प्लानिंग
धुरंधर 2 का टीजर जल्द ही थिएटर्स में रिलीज होने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह टीजर बॉर्डर 2 के साथ दिखाया जाएगा। जानिए मेकर्स की पूरी रणनीति, रिलीज डेट और बॉक्स ऑफिस टक्कर की पूरी जानकारी।
Dhurandhar 2 Teaser Released: अगर आप भी धुरंधर 2 के टीजर रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के दूसरे पार्ट की पहली झलक अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक जियो स्टूडियोज इस महीने ही धुरंधर 2 का टीजर थिएटर्स में रिलीज करने की पूरी तैयारी कर चुका है। खास बात यह है कि यह टीजर किसी आम फिल्म के साथ नहीं, बल्कि बहुचर्चित और मेगा बजट फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के साथ दिखाया जाएगा। ऐसे में अगर आपने बॉर्डर 2 की टिकट बुक कर ली है, तो सलाह यही है कि समय से पहले थिएटर पहुंचें, क्योंकि फिल्म शुरू होने से पहले आपको धुरंधर 2 का धमाकेदार टीजर देखने को मिल सकता है।
धुरंधर की ऐतिहासिक सफलता के बाद पार्ट-2 का बड़ा दांव
जियो स्टूडियोज के लिए धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक ब्रांड बन चुकी है। पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया और लंबे समय तक थिएटर्स में टिकी रही। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की दमदार जोड़ी, देशभक्ति की भावना और भव्य स्केल ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाया। अब मेकर्स उसी बज और माहौल को बरकरार रखते हुए धुरंधर 2 का प्रमोशन शुरू करना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीजर में कुछ नए सीन्स दिखाए जाएंगे, जो कहानी की झलक देने के साथ-साथ दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाएंगे।

Border 2 के साथ टीजर दिखाने के पीछे क्या है रणनीति?
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, जियो स्टूडियोज की योजना बेहद सोची-समझी है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मेकर्स का मकसद थिएटर में फिल्म देखने आए दर्शकों के मन में धुरंधर 2 की रिलीज डेट को मजबूती से बैठाना है। बॉर्डर 2 खुद एक देशभक्ति से भरपूर फिल्म है और उसका टारगेट ऑडियंस भी वही है, जिसने धुरंधर को सिर आंखों पर बैठाया था। ऐसे में बॉर्डर 2 के साथ धुरंधर 2 का टीजर दिखाना एक स्मार्ट मार्केटिंग मूव माना जा रहा है। इससे देशभक्ति सिनेमा की लहर का सीधा फायदा धुरंधर 2 को मिलेगा।
ईद 2026 पर रिलीज होगी धुरंधर 2, बॉक्स ऑफिस पर महासंग्राम तय
मेकर्स पहले ही कन्फर्म कर चुके हैं कि धुरंधर 2 ईद 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर के जरिए इसी रिलीज डेट को दोबारा दर्शकों के जेहन में बिठाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, धुरंधर 2 की राह आसान नहीं होने वाली। इसकी सीधी टक्कर साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होने वाली है। हाल ही में टॉक्सिक का टीजर रिलीज हुआ है, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोरी है। अब सवाल यह है कि क्या दोनों में से कोई फिल्म अपनी रिलीज डेट बदलेगी या फिर दोनों ही बड़े बजट की फिल्में आमने-सामने बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी। अगर ऐसा होता है, तो दर्शकों को 2026 में एक यादगार सिनेमाई क्लैश देखने को मिलेगा।



