UGC Rules 2026 का सेक्शन 3(C) क्यों बना विवाद की जड़? सवर्ण संगठनों में उबाल की पूरी कहानी

UGC Rules 2026 के सेक्शन 3(C) में जाति आधारित भेदभाव की परिभाषा को लेकर सवर्ण संगठनों में नाराज़गी क्यों है? जानिए पूरा विवाद, आपत्तियां और मांगें।

UGC Rules 2026 Section 3C: UGC Rules 2026 को 15 जनवरी 2026 से देशभर के सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू कर दिया गया है। इन नियमों का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता, समावेशन और भेदभाव-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना बताया गया है। लेकिन इन रूल्स का सेक्शन 3(C) लागू होते ही एक नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसने खासतौर पर सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों को नाराज़ कर दिया है। इन संगठनों का आरोप है कि नए नियमों में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को तो सुरक्षा दी गई है, लेकिन सामान्य वर्ग (General Category) के छात्रों को भेदभाव से बचाने के लिए कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया।

क्या है UGC Rules 2026 का सेक्शन 3(C)?

UGC Rules 2026 के सेक्शन 3(C) में जाति आधारित भेदभाव की परिभाषा दी गई है। इसमें कहा गया है कि- “जाति आधारित भेदभाव का अर्थ अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों एवं अन्य पिछड़े वर्गों के सदस्यों के विरुद्ध केवल जाति या जनजाति के आधार पर किया गया भेदभाव है।” यहीं से विवाद की शुरुआत होती है। सवर्ण संगठनों का कहना है कि इस परिभाषा में सामान्य वर्ग को शामिल नहीं किया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि अगर सामान्य वर्ग का कोई छात्र भेदभाव का शिकार होता है, तो उसके पास इस कानून के तहत शिकायत का स्पष्ट अधिकार नहीं होगा।

UGC Rules 2026 Section 3C
UGC Rules 2026 Section 3C

झूठी शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों की दूसरी बड़ी आपत्ति यह है कि यदि कोई शिकायत झूठी साबित होती है, तो शिकायतकर्ता के खिलाफ किसी भी तरह की सज़ा या दंड का प्रावधान इन नियमों में नहीं किया गया है। उनका कहना है कि बिना दंड के प्रावधान के यह नियम झूठी शिकायतों को बढ़ावा दे सकता है। इससे सामान्य वर्ग के छात्रों और शिक्षकों को बेवजह मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ सकता है। कई संगठनों ने इसे “दुरुपयोग की आशंका वाला कानून” करार दिया है।

पुलिस एंट्री और समान अवसर केंद्र पर भी सवाल

नए UGC Rules के तहत हर शिक्षण संस्थान में-

  • समान अवसर केंद्र (Equal Opportunity Centre)
  • समता हेल्पलाइन (Samata Helpline)
  • जांच समिति (Inquiry Committee)

का गठन अनिवार्य किया गया है। नियमों में यह भी कहा गया है कि यदि किसी शिकायत में संज्ञेय अपराध बनता है, तो मामला पुलिस को सौंपा जा सकता है। इसी बिंदु पर भी आपत्ति जताई जा रही है। सवर्ण संगठनों का सवाल है कि विश्वविद्यालय परिसरों में पुलिस की सीधी एंट्री अकादमिक माहौल को कैसे प्रभावित करेगी।

सेक्शन 3(E): भेदभाव की व्यापक परिभाषा

हालांकि UGC Rules के सेक्शन 3(E) में भेदभाव की परिभाषा कहीं अधिक व्यापक है। इसमें धर्म, जाति, लिंग, जन्म-स्थान, दिव्यांगता आदि के आधार पर किसी भी प्रकार के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भेदभाव को शामिल किया गया है। लेकिन सवर्ण संगठनों का तर्क है कि जब जाति आधारित भेदभाव की अलग परिभाषा में सामान्य वर्ग को बाहर रखा गया है, तो व्यावहारिक रूप से शिकायतों में असमानता बनी रहेगी।

इसे भी पढें: UGC Rules 2026 पर देश में उबाल: दिल्ली से लखनऊ तक प्रदर्शन, BJP में इस्तीफों की बाढ़; UP में राष्ट्रपति शासन की मांग

सवर्ण संगठनों की मुख्य मांगें

  1. सामान्य वर्ग (General Category) को भी भेदभाव के खिलाफ शिकायत का समान अधिकार।
  2. झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों पर जुर्माना या दंड।
  3. विश्वविद्यालयों में पुलिस हस्तक्षेप को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश। 

संगठनों का कहना है कि समानता की बात तभी पूरी होगी जब हर वर्ग को समान संरक्षण मिले।

Related Articles

Back to top button