अमेरिका में पारिवारिक विवाद ने ली खूनी शक्ल: जॉर्जिया में गोलीबारी, भारतीय नागरिक समेत 4 की मौत, बच्चों ने अलमारी में छिपकर बचाई जान
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में पारिवारिक विवाद के चलते हुई गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोगों की मौत। आरोपी गिरफ्तार।
America Shooting: अमेरिका (America) में एक बार फिर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जॉर्जिया (Georgia) राज्य के लॉरेंसविले (Lawrenceville) शहर में गुरुवार तड़के हुई भीषण गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इस दर्दनाक घटना में एक भारतीय नागरिक समेत चार वयस्कों की मौत हो गई, जबकि घर के अंदर मौजूद तीन बच्चे किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
देर रात हुई गोलीबारी, चार लोगों की मौके पर मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर रात लगभग 2:30 बजे ब्रुक आइवी कोर्ट के 1000 ब्लॉक में हुई। पुलिस को गोलीबारी की सूचना मिलते ही मौके पर भेजा गया। जब अधिकारी घर के अंदर पहुंचे तो वहां चार वयस्कों के शव मिले, जिनके शरीर पर गोलियों के कई निशान थे। ग्विनेट काउंटी पुलिस ने पुष्टि की कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गोलीबारी कर दी, जिससे चार लोगों की जान चली गई।

अलमारी में छिपे बच्चों ने बचाई अपनी जान, 911 कॉल से पहुंची पुलिस
इस भयावह घटना के समय घर में तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब गोलीबारी शुरू हुई तो बच्चे डर के मारे घर की एक अलमारी में छिप गए। अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बच्चों में से एक ने किसी तरह 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई। गनीमत रही कि तीनों बच्चे सुरक्षित पाए गए। बाद में परिवार के एक सदस्य को बुलाकर बच्चों को सुरक्षित उनके साथ भेज दिया गया।
आरोपी गिरफ्तार, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक
फॉक्स 5 अटलांटा की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में संदिग्ध की पहचान 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है, जो अटलांटा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या, गंभीर हमला, द्वेषपूर्ण इरादे से हत्या और बच्चों के प्रति क्रूरता जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भारतीय वाणिज्य दूतावास का बयान
अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा,
“पारिवारिक विवाद से जुड़ी गोलीबारी की इस घटना से हम बेहद दुखी हैं। मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। कथित हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।” दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कानूनी एवं अन्य आवश्यक सहायता के लिए परिवार के साथ खड़ा है।
अमेरिका (America) में बढ़ती घरेलू हिंसा पर चिंता
यह घटना एक बार फिर अमेरिका में घरेलू हिंसा और गन कल्चर पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पारिवारिक विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना न केवल समाज के लिए खतरनाक है, बल्कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डालता है।



