पति के सामने लाइव मौत: वीडियो कॉल पर बात करते-करते पत्नी ने साड़ी से लगाया फंदा, 9 महीने पहले हुई थी शादी

बाराबंकी में शादी के 9 महीने बाद एक विवाहिता ने वीडियो कॉल पर पति के सामने सुसाइड कर लिया। पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप। पढ़ें पूरी खबर।

Barabanki Suicide Case: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात करते हुए मौत को गले लगा लिया। गुजरात में बैठे पति की आंखों के सामने उसकी पत्नी फंदे पर झूल गई और वह बेबस होकर उसे चिल्ला-चिल्ला कर रोकता रहा। यह घटना अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

वीडियो कॉल पर लाइव मौत का खौफनाक मंजर

घटना बाराबंकी के थाना लोनीकटरा क्षेत्र के ग्राम ‘लालू का पुरवा मजरे जमीन हुसैनाबाद’ की है। मिली जानकारी के अनुसार, कल्लू रावत के बेटे सूरज का विवाह महज 9 महीने पहले चौधरी पुरवा निवासी संगीता के साथ हुआ था। शनिवार की शाम संगीता छत पर बने टिनशेड के नीचे अपने पति सूरज से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बातचीत के दौरान अचानक संगीता ने अपनी साड़ी का फंदा बनाया और उसे गले में डाल लिया। गुजरात में काम कर रहा सूरज मोबाइल की स्क्रीन पर यह सब देख रहा था। वह फोन पर ही चीखता रहा, अपनी पत्नी को ऐसा न करने के लिए मिन्नतें करता रहा, लेकिन संगीता ने उसकी एक न सुनी और फंदे पर लटक गई। सूरज ने तुरंत गांव में रहने वाले परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दी।

Barabanki Suicide Case
Barabanki Suicide Case

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, परिजनों में कोहराम

जैसे ही परिजनों को सूरज का फोन आया, वे बदहवास होकर छत पर पहुंचे। आनन-फानन में संगीता को फंदे से नीचे उतारा गया और इलाज के लिए अमेठी जिले के शुक्लबाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत नाजुक होने पर उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संगीता की मौत की खबर फैलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, उससे पहले ही घर की खुशियां उजड़ गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इसे भी पढें: सिगरेट का एक कश और सैलरी ‘धुआं’! 1 फरवरी से लागू हुआ नया टैक्स सिस्टम, जानें अब कितने में मिलेगी एक स्टिक?

दहेज हत्या का आरोप: पति और सास-ससुर समेत 6 पर मुकदमा

इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के पिता सहजराम रावत ने संगीता के ससुराल वालों पर प्रताड़ना और दहेज हत्या का संगीन आरोप लगाया। पिता का कहना है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसे यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा या उसे मजबूर किया गया। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सूरज, सास, ससुर, दो ननदों और ननदोई समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button