हवा से बातें करती ट्रेन और सीएम योगी का ‘सुपरफास्ट’ अंदाज: 600 किमी की रफ्तार देख दुनिया दंग, UP में आएगी नई क्रांति!
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जापान में 600 किमी/घंटा की रफ्तार वाली मैग्लेव ट्रेन का रोमांचक सफर किया। जानें कैसे यह भविष्य की तकनीक उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को बदल सकती है।
CM Yogi Japan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के आखिरी दिन ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अपने नौ साल के कार्यकाल के दूसरे बड़े विदेश दौरे पर निकले सीएम योगी ने यामानाशी में भविष्य की ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी यानी ‘मैग्लेव ट्रेन’ (Maglev Train) का अनुभव लिया। जब यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर उठकर 600 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी, तो खुद मुख्यमंत्री भी इसके रोमांच और तकनीक को देखकर मुस्कुरा उठे।
मैग्लेव ट्रेन: पटरी पर नहीं, हवा में तैरती है यह ‘सुपर मशीन’
जापान की यह लीनियर मैग्लेव ट्रेन पारंपरिक ट्रेनों से बिल्कुल अलग है। जहां वर्तमान में जापान की मशहूर बुलेट ट्रेन (Shinkansen) करीब 300 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है, वहीं मैग्लेव तकनीक ने इस गति को दोगुना कर दिया है। यह ट्रेन मैग्नेटिक लेविटेशन (Magnetic Levitation) पर आधारित है, जिसका अर्थ है कि यह ट्रैक को छूती नहीं है बल्कि चुंबकीय बल के कारण हवा में तैरती है। घर्षण (Friction) न होने की वजह से इसकी रफ्तार 500 से 600 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाती है। सीएम योगी ने इस दौरान यामानाशी टेस्ट ट्रैक पर ट्रेन की उच्चतम क्षमता का अवलोकन किया। सफर इतना स्मूद था कि 600 की स्पीड पर भी झटकों का एहसास नहीं हुआ, जैसे कोई विमान जमीन के बेहद करीब उड़ रहा हो।

ग्रीन हाइड्रोजन और आधुनिक खेती: यूपी के लिए जापान का ‘सक्सेस मंत्र’
मैग्लेव ट्रेन के रोमांच के अलावा, सीएम योगी का यह दौरा उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लीन एनर्जी लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यामानाशी प्रांत में स्थित ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट का भी दौरा किया। यहां उन्होंने पानी से हाइड्रोजन और बिजली बनाने की जटिल तकनीक को बारीकी से समझा। यामानाशी अपनी आधुनिक खेती, रोबोटिक सेंटर्स और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के लिए विश्व विख्यात है। सीएम योगी का इन केंद्रों पर जाना यह संकेत देता है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही ‘नेट जीरो’ एनर्जी और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित करने की तैयारी है। इस दौरान स्थानीय लोगों और जापानी स्कूली बच्चों ने तिरंगा लहराकर सीएम का भव्य स्वागत किया।
सांस्कृतिक जुड़ाव: जब जापानी बच्चे ने सुनाया संस्कृत मंत्र
जापान की यात्रा केवल तकनीक तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। टोक्यो से यामानाशी जाते समय ‘साध्वी तुलसी’ ने सीएम योगी से मुलाकात की, जो जापान में हिंदू और जैन धर्म का प्रचार कर रही हैं। उनके साथ मौजूद एक जापानी बच्चे ने जब मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर शुद्ध संस्कृत में मंत्रोच्चार किया, तो योगी आदित्यनाथ मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने स्नेह स्वरूप जापानी बच्चों को चॉकलेट बांटी और उनके साथ समय बिताया। अपनी यात्रा के समापन पर सीएम योगी ने माउंट फ्यूजी (Mount Fuji) की तस्वीर साझा करते हुए जापान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि अनुशासन और आध्यात्मिक संतुलन का प्रतीक माउंट फ्यूजी देखना उनके लिए सौभाग्य की बात है।



