IND vs NZ: हाईस्कोरिंग थ्रिलर में भारत की दमदार जीत, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, कोहली शतक से चूके
भारत ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। विराट कोहली 93 रन पर शतक से चूके, केएल राहुल ने दिलाई जीत।
IND vs NZ 1st ODI: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। 301 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 6 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया और तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। यह मुकाबला बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जिसमें विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल और हर्षित राणा ने अहम भूमिका निभाई।
राहुल-कोहली की साझेदारी ने रखी जीत की नींव
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। हालांकि रोहित शर्मा 29 गेंदों में 26 रन बनाकर 9वें ओवर में आउट हो गए। इसके बाद मैदान पर आए विराट कोहली और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 118 रनों की शानदार साझेदारी की। गिल ने 71 गेंदों में 56 रन बनाए जबकि कोहली ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। गिल के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने कोहली का साथ दिया और दोनों ने तेजी से रन बटोरे। तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई। कोहली दुर्भाग्यवश 91 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हो गए और शतक से चूक गए।
केएल राहुल और हर्षित राणा ने दिलाई भारत को जीत
मध्यक्रम के बाद भारतीय टीम थोड़ी दबाव में नजर आई, लेकिन हर्षित राणा और केएल राहुल ने संयम नहीं खोया। हर्षित राणा ने 23 गेंदों में 29 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि वापसी कर रहे श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 49 रन बनाए। आखिरी ओवरों में केएल राहुल ने अनुभव का परिचय दिया। उन्होंने हर्षित राणा और चोटिल वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। राहुल ने 21 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था।

डेरिल मिचेल की जुझारू पारी, हर्षित राणा की घातक गेंदबाजी
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 300 रन बनाए। डेवोन कॉनवे (56) और हेनरी निकोल्स (62) ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की शतकीय साझेदारी कर मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि भारतीय गेंदबाज हर्षित राणा ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने अपने दूसरे स्पेल में दो ओवर में 13 रन देकर दो विकेट झटके। राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव को एक सफलता मिली। न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने सबसे अधिक 84 रन बनाए। उन्होंने 71 गेंदों की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बावजूद मिचेल ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
इसे भी पढें; ₹59 वाला यह IPO मचा रहा है हलचल! लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में जबरदस्त उछाल
मैच का टर्निंग पॉइंट
22वें ओवर में हर्षित राणा द्वारा कॉनवे और निकोल्स की साझेदारी तोड़ना मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर न्यूजीलैंड की रन गति पर लगाम लगाई।



