नीले बक्से में छुपी खौफनाक साजिश: महीनों पहले लिखी गई थी लिव-इन पार्टनर की हत्या की स्क्रिप्ट
झांसी के नीला बक्सा कांड में बड़ा खुलासा। रिटायर्ड रेलकर्मी राम सिंह ने लिव-इन पार्टनर की हत्या से पहले लकड़ियां जुटाईं, कमरा किराए पर लिया और शव जलाने की पूरी प्लानिंग की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
Blue Box Incident: उत्तर प्रदेश के झांसी में सामने आया ‘नीला बक्सा कांड’ अब और भी भयावह रूप लेता जा रहा है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि रिटायर्ड रेलकर्मी राम सिंह ने अपनी लिव-इन पार्टनर प्रीति की हत्या कोई आवेश में नहीं की, बल्कि यह एक ठंडे दिमाग से रची गई महीनों पुरानी साजिश थी। हत्या से पहले आरोपी ने न केवल लकड़ियां इकट्ठा कीं, बल्कि कमरा किराए पर लिया, नीला बक्सा पहले से मंगवाया और सबूत मिटाने की पूरी योजना बनाई।
हत्या के लिए किराए पर लिया गया कमरा, ताकि किसी को शक न हो
पुलिस के अनुसार, राम सिंह और प्रीति के बीच लंबे समय से रिश्ते खराब चल रहे थे। पैसों की मांग और निजी विवादों से परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। इसी योजना के तहत उसने सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर इलाके में एक कमरा किराए पर लिया। यह इलाका मजदूरों से घिरा हुआ था, ताकि उसकी गतिविधियों पर किसी को शक न हो। यहीं पर हत्या और शव को ठिकाने लगाने की पूरी ‘क्राइम स्क्रिप्ट’ तैयार की गई।
नीले बक्से में जलाया गया शव, लकड़ियां पहले से थीं तैयार
पूछताछ में राम सिंह ने कबूल किया कि उसने घटना वाले दिन प्रीति के साथ शराब पी। जब वह नशे में बेहोश हो गई, तब उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कंबल और तिरपाल में लपेटकर नीले रंग के बड़े बक्से में रखा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि शव को जलाने के लिए लकड़ियां पहले से जुटा ली गई थीं। आरोपी ने बक्से के अंदर ही धीरे-धीरे शव को जलाया, ताकि न धुआं बाहर जाए और न ही तेज बदबू फैले। सर्दी का मौसम होने के कारण दुर्गंध भी ज्यादा महसूस नहीं हुई, जिससे आरोपी को अपने मंसूबों को अंजाम देने में आसानी मिली।
राख और हड्डियां नदी में बहाईं, जला हुआ बक्सा भेजा दूसरी पत्नी के घर
शव जलने के बाद बची राख और हड्डियों के अवशेष को बोरियों में भरकर नदी में बहा दिया गया। इसके बाद राम सिंह ने सबूत मिटाने की अगली कड़ी में दूसरी पत्नी के बेटे नितिन को बुलाया और जले हुए नीले बक्से के बचे हिस्से को उसके घर भिजवा दिया। यहीं से मामला पुलिस की नजर में आया। संदूक में संदिग्ध सामग्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने बक्सा खोला, जहां राख और हड्डियों के अवशेष मिले और पूरे कांड का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस का खुलासा: पूछताछ में आरोपी ने कबूली पूरी साजिश
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 17-18 जनवरी की रात सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू की गई। तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मृतका से उसके लंबे समय से संबंध थे और रिश्ता टूटने के डर, पैसों की मांग और निजी तनाव के चलते उसने हत्या की पूरी योजना बनाई थी।
इसे भी पढें: “कृति सेनन ने बहन नूपुर की चूड़ा-कलीरा सेरेमनी में लुटाया प्यार, वायरल हो रहीं शादी की रॉयल तस्वीरें”
अब तलाश: क्या इस खौफनाक वारदात में कोई और भी शामिल?
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि सबूत मिटाने में किसी और की मदद तो नहीं ली गई, और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। नीला बक्सा कांड न केवल झांसी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में सनसनी का विषय बन चुका है, जिसने रिश्तों में छुपे अपराध के खतरनाक पहलू को उजागर कर दिया है।



