यूपी में दर्दनाक सड़क हादसा: टायर फटते ही मौत बनकर पलटा प्याज से भरा ट्रक, ननद-भाभी और ड्राइवर की गई जान
उत्तर प्रदेश के उरई में झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। टायर फटने से बेकाबू ट्रक पलट गया, ननद-भाभी और ट्रक चालक की मौत, दो घायल। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
UP Road Accident: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उरई जिले से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर तेज रफ्तार प्याज से भरे ट्रक का टायर अचानक फट गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े लोगों पर पलट गया। इस भयावह हादसे में ननद-भाभी और ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे लोगों पर पलटा ट्रक
यह दर्दनाक हादसा एट कोतवाली क्षेत्र के जखोली गांव के पास शुक्रवार दोपहर हुआ। जानकारी के अनुसार, झांसी की ओर से कानपुर जा रहा प्याज से लदा ट्रक तेज रफ्तार में था। अचानक ट्रक का एक टायर फट गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे हाईवे किनारे खड़े लोगों पर पलट गया। हादसे के वक्त गांव के कुछ लोग सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। ट्रक पलटते ही चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ननद-भाभी की मौके पर मौत, युवती की हालत गंभीर
मृतकों की पहचान माया देवी (65 वर्ष) और उनकी ननद लौंगश्री (45 वर्ष) के रूप में हुई है। लौंगश्री मकर संक्रांति के अवसर पर अपनी बेटी वंदना (20 वर्ष) के साथ मायके जखोली आई थीं। शुक्रवार को परिवार के लोग मां-बेटी को वापस उनके घर छोड़ने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। ट्रक के नीचे दबने से माया देवी और लौंगश्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंदना और उसका चचेरा भाई अरमान सिंह (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। वंदना की हालत नाजुक होने पर उसे उरई मेडिकल कॉलेज से झांसी रेफर कर दिया गया है।
ट्रक चालक की भी मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम
इस हादसे में ट्रक चालक की भी जान चली गई। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। ट्रक पलटने से नेशनल हाईवे-27 पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही एट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया और जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, परिजनों को मदद का आश्वासन
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मृतकों व घायलों के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढें: Lucknow Fire News: बसंत कुंज योजना में भीषण आग, जान बचाने के लिए लोगों ने बिल्डिंग से लगाई छलांग
हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।



