Rewa:त्यौंथर के अज़ोरा गांव में बह रही है गंदगी की सरकार! नाली बनी मुसीबत, शिकायत करने पर मिल रही धमकी – बड़ा खुलासा
रीवा(Rewa) जिले के ग्राम अंजोरा(Anjora) में नाली की सफाई न होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी। 181 में शिकायत करने पर धमकी और पंचायत में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

रीवा(Rewa) जिला एक बार फिर ग्राम पंचायत स्तर पर अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। जनपद पंचायत त्योंथर(Teonthar) अंतर्गत ग्राम पंचायत अंजोरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि ग्रामीणों की बुनियादी सुविधाओं की पोल भी खोल दी है।
ग्राम अंजोरा निवासी ओम कृष्ण मिश्रा ने कलेक्टर रीवा को लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गांव की नालियों की वर्षों से सफाई नहीं हुई, जिसके चलते गंदा पानी गांव की मुख्य सड़क पर बह रहा है। इस स्थिति ने पूरे गांव का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
सड़क बनी नाली,गांव बना तालाब
ग्रामीणों के अनुसार नालियों में जमी गंदगी के कारण पानी की निकासी पूरी तरह से बंद हो चुकी है। परिणामस्वरूप बारिश हो या सामान्य दिन, सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, बुजुर्ग और महिलाएं गिरकर चोटिल हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार सरपंच और पंचायत सचिव को मौखिक रूप से सूचना दी गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, ज़मीनी काम शून्य रहा।
शिकायत करने पर धमकी का आरोप
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब पीड़ित ने मजबूर होकर 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, तो आरोप है कि उसे धमकाया गया। इतना ही नहीं, कथित रूप से उसकी शिकायत को बंद भी करवा दिया गया।
यह सवाल खड़ा करता है कि जब शासन की हेल्पलाइन भी ग्रामीणों को न्याय नहीं दिला पा रही, तो आम आदमी कहां जाए?

सरकारी योजनाओं में भी गड़बड़ी का दावा
ओम कृष्ण मिश्रा ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उनके नाम से सरकारी लाभ की राशि आई थी, जिसे पंचायत सचिव द्वारा निकाल लेने का आरोप है। पीड़ित का दावा है कि उनके पास कोई भूमि नहीं है, इसके बावजूद:
उनका नाम बीपीएल सूची में नहीं जोड़ा गया प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला।
यह सीधे तौर पर सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग और पात्र लाभार्थियों के अधिकारों के हनन की ओर इशारा करता है।

वीडियो सबूत मौजूद
पीड़ित का कहना है कि सड़क पर बहते पानी और गंदगी के वीडियो सबूत उनके पास मौजूद हैं, जो किसी भी जांच एजेंसी को सच्चाई दिखाने के लिए पर्याप्त हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि:
1.नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए
2.सड़क से पानी की स्थायी निकासी व्यवस्था हो
3.दोषी सरपंच और सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
4.लाभार्थी योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए



