‘सेट पर डायरेक्टर ने सबके सामने दीं मां-बहन की गालियां’, नीना गुप्ता का छलका दर्द; फूट-फूटकर रोने लगी थीं एक्ट्रेस!
नीना गुप्ता ने बॉलीवुड के काले सच से पर्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि कैसे एक फिल्म के सेट पर डायरेक्टर ने उन्हें सबके सामने भद्दी गालियां दीं, जिसके बाद वह रोने लगी थीं। पढ़िए पूरा किस्सा।
Neena Gupta Interview: बॉलीवुड की ‘पंचायत’ फेम एक्ट्रेस नीना गुप्ता (Neena Gupta) अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपनी शर्तों पर जिंदगी जी है और करियर के उस मुकाम पर पहुंची हैं, जहां आज हर कोई उनकी एक्टिंग का लोहा मानता है। लेकिन, चकाचौंध भरी इस इंडस्ट्री के पीछे एक स्याह अंधेरा भी है, जिसका सामना नीना गुप्ता ने अपने शुरुआती दिनों में किया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में नीना गुप्ता ने अपने करियर के उस खौफनाक मंजर को याद किया, जब एक डायरेक्टर ने सबके सामने उन्हें मां-बहन की गालियां दी थीं।
शुरुआती दौर का वो कड़वा सच: जब आंखों से बहने लगे थे आंसू
नीना गुप्ता ने बताया कि स्ट्रगल के दिनों में एक्टर्स को किस तरह की जिल्लत झेलनी पड़ती है। उन्होंने उस घटना का जिक्र करते हुए कहा, “मेरे करियर की शुरुआत में मेरे साथ बहुत बुरा व्यवहार हुआ था। एक बार एक डायरेक्टर ने मुझे पूरी यूनिट और स्टार कास्ट के सामने गालियां देना शुरू कर दिया। वह गालियां इतनी भद्दी थीं कि मैं सन्न रह गई और मेरी आंखों से आंसू बहने लगे।” हैरानी की बात यह थी कि उस वक्त नीना गुप्ता की कोई गलती भी नहीं थी। एक्ट्रेस के मुताबिक, डायरेक्टर शायद किसी और बात से परेशान था या उसका मूड खराब था, और उसने अपना सारा गुस्सा एक छोटी एक्ट्रेस (उस समय) पर निकाल दिया।

मजबूरी का नाम ‘काम’: पैसे की तंगी ने सब सहने पर किया मजबूर
इस अपमानजनक घटना के बावजूद नीना गुप्ता ने सेट छोड़कर जाने के बजाय खुद को संभाला। इंटरव्यू में उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि उस समय वह फिल्म नहीं छोड़ सकती थीं। Neena Gupta Interview के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी। एक्ट्रेस ने कहा,”मैं उस सिचुएशन में फंसी हुई थी। मुझे पैसों की जरूरत थी, इसलिए मैंने चुपचाप सब सह लिया। अगर उस वक्त मेरे पास काम के और विकल्प होते या बैंक बैलेंस होता, तो मैं कभी वह अपमान बर्दाश्त नहीं करती।” नीना ने बताया कि उस फिल्म में उनका रोल बहुत छोटा था और डायलॉग्स भी गिनती के थे, फिर भी उन्हें उस मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा।
इसे भी पढें: कोटा में मौत का तांडव: भरभराकर गिरी दो मंजिला इमारत, मलबे में दबे कई लोग; चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गलत फिल्मों के चुनाव पर आज भी होता है पछतावा
नीना गुप्ता (Neena Gupta) ने केवल गालियों वाले किस्से पर ही नहीं, बल्कि अपने करियर के गलत फैसलों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि करियर के शुरुआती फेज में उन्होंने कुछ ऐसी फिल्में साइन की थीं, जिन्हें करने का उन्हें आज भी बहुत पछतावा होता है। उन्होंने बताया कि कई बार स्क्रिप्ट अच्छी न होने के बावजूद या रोल छोटा होने के बावजूद सिर्फ सर्वाइवल के लिए उन्हें काम करना पड़ा। आज नीना गुप्ता जिस मुकाम पर हैं, वहां वह अपनी पसंद की फिल्में चुनती हैं, लेकिन वह पुराना दौर उन्हें आज भी याद आता है तो उनकी रूह कांप जाती है।



